CATEGORIES

March 2024
MTWTFSS
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031
March 28, 2024

UP: कई जिलों में भिड़े सपा-भाजपा कार्यकर्ता, पथराव और फायरिंग की घटनाएं

उत्तर प्रदेश में आज यानी गुरुवार को 825 क्षेत्र पंचायतों में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन किए जा रहे हैं। जिला पंचायत चुनाव के दौरान हुई छिटपुट घटनाओं के बाद एक बार फिर से ब्लाॅक प्रमुख पद के नामांकन के दौरान गुरुवार को यूपी के कई जिलों में भाजपा और सपा के कार्यकर्ताओं में बवाल हो गया। हालात ऐसे हो गए कि कहीं ईंट और पत्थर चले तो कहीं पुलिस को स्थिति संभालने के लिए लाठियां चटकानी पड़ीं। भाजपा और सपा के कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने जमकर हंगामा काटा। कई जगह हुई मारपीट में लोग घायल भी हुए। लोगों ने सड़क पर जमकर हल्ला काटा। कई जगह तो पुलिस आम इंसानों की तहर खड़े होकर तमाशबीन बनी रही। कई जिलों में पुलिस से धक्का-मुक्की की भी खबर आ रही है। यूपी के कन्नौज, इटावा, बांदा, फर्रुखाबाद, जालौन, हमीरपुर, उन्नाव आदि जगहों से हंगामे की खबर आ रही है।

सीतापुर जिले के थाना कमलापुर इलाके में गुरुवार को कसमंडा ब्लॉक में नामांकन के दौरान जमकर बवाल हो गया। नामांकन करने जा रही भाजपा से बागी उम्मीदवार को रोकने को लेकर हुए बवाल के दौरान हथगोले चले और कई राउंड फायरिंग भी हुई।

उन्नाव जिले में ब्लॉक प्रमुख पद के नामांकन के दौरान नवाबगंज और असोहा में बवाल हो गया। नवाबगंज में भाजपा समर्थित प्रत्याशी के समर्थकों ने निर्दलीय उम्मीदवार का पर्चा फाड़ दिया। इस पर पुलिस ने लाठियां पटक कर समर्थकों को खदेड़ा। सूचना मिलने पर डीएम और एसपी भी पहुंचे।

कन्नौज जिले के ब्लॉक तालग्राम में सपा और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थकों में नामांकन करने को लेकर हुए विवाद के बाद पथराव हो गया। पुलिस ने लाठियां भांज कर लोगों को खदेड़ा।

फर्रुखाबाद में राजेपुर ब्लॉक प्रमुख के नामांकन करने आए भाजपा प्रत्याशी पल्लव सिंह सोमवंशी के काफिले को राजेपुर तिराहे पर बैरियर पर लगे पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। सबसे आगे विधायक सुशील शाक्य की गाड़ी निकाली गई। फिर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह की गाड़ी भी निकल गई थी।

इटावा के चकरनगर में ब्लॉक प्रमुख के नामांकन के दौरान सपा प्रत्याशी सुनीता देवी के पति शिव किशोर यादव ने फायरिंग की। जिससे भाजपा प्रत्याशी राधा देवी के पति राकेश यादव घायल हो गए। मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा।

चित्रकूट जिले के सभी 5 ब्लॉकों में नामांकन जारी है। मानिकपुर में सपाइयों ने भाजपाइयों पर आरोप लगाया कि उनके प्रत्याशी और समर्थकों को नामांकन करने से रोका जा रहा है। समर्थकों ने पहले सड़क पर जाम लगाया और अब नामांकन कक्ष के अंदर भी लोगों को नहीं घुसने दिया जा रहा है।

बांदा के नरैनी ब्लॉक कार्यालय में नामांकन को आए सपा प्रत्याशी के समर्थकों को पुलिस ने रोक दिया। जिसके बाद यहां विवाद शुरू हो गया। 

जालौन जिले के माधोगढ़ ब्लॉक में पुलिस से भाजपाइयों की झड़प हो गई। भाजपाइयों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

एटा जिले के मारहरा ब्लॉक में नामांकन के दौरान गुरुवार दोपहर को बवाल हो गया। नामांकन पत्र जमा करने आई समाजवादी पार्टी (सपा) से प्रत्याशी गुड्डी देवी के हाथों से नामांकन पत्र छीन लिया गया। पुलिस ने अराजक तत्वों को रोकने की कोशिश की तो पुलिस पर लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घटना के बाद आधे घंटे तक ब्लॉक में अफरातफरी का माहौल बना रहा।

मैनपुरी जिले के विकास खंड जागीर में नामांकन के दौरान भाजपा और सपा समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। भाजपा समर्थकों ने सपा विधायक बृजेश कठेरिया की गाड़ी को घेर लिया। सपा नेता की एक गाड़ी का शीशा तोड़ दिया गया।

बागपत जनपद में छपरौली ब्लॉक पद के लिए राष्ट्रीय लोकदल की उम्मीदवार अंशु ने नामांकन किया। अंशु इससे पहले भी ब्लॉक प्रमुख रही हैं।

बिजनौर के धामपुर में निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. कुसुम रघुवंशी और उनके समर्थकों को सत्ता पक्ष के कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक परिसर के बाहर रोक लिया। बताया गया कि निर्दलीय प्रत्याशी कुसुम व समर्थकों के साथ मारपीट की गई।

आजमगढ़ जिले के पवई ब्लॉक पर भाजपाइयों ने जमकर तांडव मचाया। दो बजे तक सपा प्रत्याशी को नामांकन नहीं दाखिल करने दिया। इतना ही नहीं भाजपा विधायक अरूणकांत यादव ने स्वयं लाठी से सपा प्रत्याशी पर हमला कर दिया।

संभल में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन प्रक्रिया कहीं शांतिपूर्ण तरीके से की गई तो कहीं नोंकझोंक भी हुई। कार्यकर्ताओं की अधिक भीड़ जमा होने पर पुलिस ने लाठी से दौड़ा दिया, जिसके कारण कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अयोध्या के पंचायत मया नामांकन के दौरान भिड़े भाजपा व सपा कार्यकर्ता। दोनों ही कार्यकर्ताओं के बीच खूब  लात-घूंसे चले। पुलिस ने बल प्रयोग कर किसी तरह भीड़ किया तितर-बितर किया। उधर लखनऊ के माल ब्लॉक में भी नामांकन के दौरान बवाल की सूचना है।