रूस में युद्ध विरोधी प्रदर्शनों में 4300 से अधिक हिरासत में

रूस की ओर से यूक्रेन के खिलाफ छेड़ी गई जंग को 11 दिन बीत चुके हैं। यूक्रेनी सेना ने अब तक रूस के लिए गतिरोध की स्थिति बना रखी है। ऐसे में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण के खिलाफ रूस में व्यापक विरोध-प्रदर्शनों के बीच पुलिस ने रविवार को 4,300 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।विरोध-प्रदर्शनों की निगरानी करने वाले एक स्वतंत्र समूह के अनुसार, हजारों प्रदर्शनकारी ‘युद्ध नहीं! और ‘शर्म करो के नारे लगाते हुए सड़कों पर उतर आए। युद्ध विपक्षी कार्यकर्ताओं और ब्लॉगर्स द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो के अनुसार येकातेरिनबर्ग के यूराल शहर में दर्जनों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। वहां एक प्रदर्शनकारी को पुलिस द्वारा जमीन पर गिराकर पीटते हुए दिखाया गया। शहर में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक भित्ति चित्र को विरूपित किया गया।