दिल्ली दुनिया की सबसे प्रदूषित राजधानी

Image Source: Archives
22 March 2022
भारत की राजधानी दिल्ली लगातार चौथे साल दुनिया की सबसे प्रदूषित राजधानी रही। यही नहीं, दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में से 35 भारतीय शहर हैं। IQAIR की ताजा रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है।
2021 की विश्व वायु गुणवत्ता रिपोर्ट में लगातार चौथे वर्ष नई दिल्ली को दुनिया में सबसे प्रदूषित राजधानी शहर (और चौथा सबसे प्रदूषित शहर) के रूप में दर्शाया गया है।इसके बाद बांग्लादेश में ढाका, चाड में एन’जामेना, ताजिकिस्तान में दुशांबे और ओमान में मस्कट का स्थान है। नई दिल्ली में 2021 में PM2.5 में 14.6% की वृद्धि देखी गई, जो 2020 में 84 μg / m3 से बढ़कर 96.4 μg / m3 हो गई।
भारत सबसे प्रदूषित शहरों में भी प्रमुखता से शामिल है – शीर्ष 50 सबसे प्रदूषित शहरों में से 35 भारत में हैं।
चिंताजनक रूप से, 2021 में भारत के शहरों में से कोई भी 5 μg / m3 के निर्धारित विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मानकों को पूरा नहीं कर पाया। भारत के 48% शहर 50 μg/m3 से अधिक या WHO के दिशानिर्देशों के 10 गुना से अधिक हैं।
ग्रीनपीस इंडिया के अभियान प्रबंधक अविनाश चंचल ने IQAIR के ताजा आंकड़ों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह रिपोर्ट सरकारों और निगमों के लिए एक वेकअप कॉल है। यह एक बार फिर उजागर कर रहा है कि लोग खतरनाक प्रदूषित हवा में सांस ले रहे हैं। शहरी PM2.5 स्तर में वाहनों से होने वाले प्रदूषण का बड़ा योगदान है। भारत में वाहनों की वार्षिक बिक्री बढ़ने की उम्मीद के साथ यदि समय पर सुधारात्मक उपाय नहीं किए गए तो यह निश्चित रूप से वायु गुणवत्ता को प्रभावित करने वाला है।